अरविंदर सिंह,हमीरपुर: चैत्र मास के दौरान प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ के मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर हैं। इन मेलों के दौरान बाबा बालक नाथ का मंदिर दर्शनों के लिए 24 घंटे खुला रहेगा। श्रद्धालु इन मेलों के दौरान है रात दिन बाबा बालक नाथ के दर्शन कर सकेंगे। उत्तर भारत के इस प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में होने वाले चैत्र मास मेले की तैयारियों भी इन दिनों जोरों पर चल रही हैं।
मंदिर न्यास प्रशासन व जिला प्रशासन के की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। बता दें कि चैत्र मास मेलों के दौरान देश विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा जी के दर्शनों के लिए यहां दियोटसिद्ध पहुंचते हैं।
जिलाधीश एवम बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास की आयुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि 13 मार्च से 14 अप्रैल तक चैत्र मास मेले के सुचारू आयोजन के लिए एसडीएम बड़सर को मेला अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जबकि डीएसपी बड़सर मेला पुलिस अधिकारी होंगे। इनके अलावा बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्र को पांच सैक्टरों में बांटा जाएगा और प्रत्येक सैक्टर के लिए सैक्टर मैजिस्ट्रेट ओर सैक्टर पुलिस अधिकारी तैनात किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले के दौरान मंदिर को 24 घंटे खुला रखा जाएगा।
सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी निगरानी, कड़ी होगी सुरक्षा व्यवस्था
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से सुदृढ़ रहे इसके लिए भी पूरी व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गईं हैं। मेले के दौरान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम से भी कड़ी नजर रहेगी। साथ ही श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहेंगे। खाद्य वस्तुओं की क्वालिटी सुनिश्चित करने के लिए फूड सेफ्टी अधिकारी की ड्यूटी लगाई जा रही हैं। मेले के दौरान पार्किंग व्यवस्था, बस एवं टैक्सी सुविधा, लंगर व्यवस्था और अन्य प्रबंधों को लेकर भी व्यापक व्यवस्था की गई हैं।
