कुल्लू (एकता): नया साल शुरू होने से पहले ही मौसम ने अपना रंग बदल लिया। वीकेंड पर मनाली में काफी अधिक संख्या में सैलानी आ रहे हैं। सैलानियों के लिए अटल टनल रोहतांग होकर सिस्सू और कोकसर में बर्फबारी का नजारा देखना किसी रोमांच से कम नहीं था। पहाड़ों पर बर्फ देखकर सैलानी खुश दिखे। उन्होंने इस खूबसूरत नजारे को अपने कैमरों में भी कैद कर लिया।

शुक्रवार को सैलानियों ने कोकसर की वादियों में बर्फबारी का लुत्फ उठाया। दरअसल हिमाचल में ऊंचाई वाले पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हो रही, जिस वजह से हसीन वादियां चांदी जैसे चमक रही हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों रोहतांग और पांगी सहित कई चोटियों पर शुक्रवार को बर्फबारी हुई। शनिवार को भी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 11 दिसंबर से मौसम साफ रहेगा।

बर्फबारी के कारण पांगी उपमंडल के अधिकांश मार्गों पर शुक्रवार को वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। रोहतांग दर्रा सहित कोकसर में हल्की बर्फबारी हुई। बारालाचा, कुंजुम दर्रा, घेपन पीक, शिगरी ग्लेशियर, शिंकुला दर्रा सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई। रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 2.0, कुकुमसेरी में 0.1, कल्पा में 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
