नाहन : देवेन्द्र कुमार- रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह पुणे में आयोजित होने जा रही 21वी राष्ट्रीय स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दमखम दिखाएंगे । वीरेंद्र सिंह टीम सदस्यों के साथ पुणे के लिए रवाना हुए।
पुणे में यह प्रतियोगिता 16 मार्च 21 मार्च तक आयोजित होगी। जिसमें वीरेंद्र सिंह 5000 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से चयन के बाद वह राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हिस्सा लेने जा रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि इस बार अच्छा प्रदर्शन करेंगे । आयुर्वेदिक विभाग में बतौर फार्मासिस्ट काम करने वाले वीरेंद्र सिंह ने सहयोग के लिए विभाग के उच्च अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि समय-समय पर विभाग द्वारा उनको खेलों में भाग लेने के लिए स्वीकृति दी जाती है। गौरतलब है कि धावक वीरेंद्र सिंह इससे पहले कई बार राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर चुके है।
