ऊना, राकेश-:जिला पुलिस ऊना के नए पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेंठ के नेतृत्व में नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने टाहलीवाल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के क्वार्टर से 2.43 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है।
गुप्त सूचना के आधार पर एसआईयू की टीम ने निरीक्षक सुनील संख्यान के नेतृत्व में नंगल कला, टाहलीवाल में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से 2.43 ग्राम हेरोइन के साथ नशा करने में प्रयुक्त फॉयल पेपर और जले हुए नोट भी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर युवक को हिरासत में ले लिया।प्राथमिक पूछताछ में आरोपी की पहचान रजत पुत्र मदन लाल निवासी गांव सपोरी, तहसील अंब, जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर केस की औपचारिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेंठ ने कहा कि युवा पीढ़ी नशे के जाल में फंसकर अपना भविष्य बर्बाद कर रही है, जिसे रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग दें।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन की खेप कहां से लेकर आया था और जिले में उसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है। मामले की आगे की जांच के लिए केस पुलिस थाना टाहलीवाल को सौंप दिया गया है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ जिला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति के पास नशा कारोबार से संबंधित सूचना हो तो वह एसआईयू या सीधे पुलिस अधीक्षक को व्हाट्सएप के माध्यम से जानकारी दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। कार्रवाई में निरीक्षक सुनील संख्यान सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
TAGGED:
Una SIU raid in Tahliwal
Chandrika
