अनिल कुमार,किन्नौर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव संपन्न भी हो गए हैं और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार भी बन गई है, लेकिन भाजपा नेताओं में जो फुट चुनावों के दौरान पड़ी थी वह अब चुनावों में हुई हार के बाद भी लगातार बढ़ती नज़र आ रही हैं। प्रदेश के किन्नौर जिला में विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली हार के बाद भाजपा प्रत्याशी सूरत नेगी के बड़े ब्यान सामने आए हैं। किन्नौर में भाजपा की हार का पूरा ठीकरा उन्होंने भाजपा से बागी ओर पार्टी से निष्कासित हुए निर्दलीय प्रत्याशी तेजवंत सिंह नेगी पर फोड़ा हैं।
सूरत नेगी रिकांगपिओ में प्रेस वार्ता के दौरान जिला की जनता की ओर से दिए गए परिणाम को स्वीकारते हुए कांग्रेस से ज़्यादा भाजपा से बागी हुए नेता तेजवंत सिंह नेगी पर हमलावर होते नज़र आए। उन्होंने भाजपा की हार की वजह तेजवंत सिंह की ओर से जनता में फैलाया गए दुष्प्रचार को बताया। उन्होंने कहा कि तेजवंत सिंह नेगी ने जिला में पार्टी के कैडर में दुष्प्रचार फैलाया ओर न जाने क्या क्या बातें कही जिससे यहां भाजपा की हार हुई हैं। वहीं इस प्रेस वार्ता के दौरान सूरत सिंह नेगी ने तेजवंत सिंह नेगी पर आरोप तो लगाए ही साथ ही यह भी कहा कि तेजवंत नेगी ने विधायक रहते किन्नौर में कोई विकास नहीं किया।
उन्होंने अपनी बात करते हुए कहा कि उन्होंने चुनावों के दौरान इस प्रकार का कोई दुष्प्रचार किसी के खिलाफ नहीं किया, जबकि उन्हें पता है कि किन्नौर में किसी व्यक्ति को एड्स जैसी गंभीर बीमारी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हमने चुनाव में इस बात को भी नहीं उठाया और विकास के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ा। इस दौरान उन्होंने तेजवंत सिंह नेगी को दोबारा से भाजपा में शामिल ना करने की बात कही। सूरत नेगी ने कहा कि उनका भी कुछ लोगों की ओर से विधानसभा चुनावों में गलत प्रचार कर उन्हें घमंडी कहा गया, जबकि उन्होंने अपना स्वभाव इस तरह का न होने की बात कही।
