अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर के सलासी स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र में 4 मई को लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला के साथ ही प्रदेश के युवाओं के लिए यह एक बेहतर अवसर है कि युवा इस रोज़गार मेले में भाग लेकर रोज़गार पा सकते हैं। लघु रोजगार मेले में टैक महेंद्रा, जस्ट डाइल, प्लैनेट स्पार्क, लावा मोबाइल और क्वैस सहित लगभग 25 राष्ट्रीय-बहुराष्ट्रीय कंपनियां लगभग ढाई हजार युवाओं को रोजगार देगी।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने लघु रोजगार मेले की जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले में आने वाली कंपनियां ढाई हजार के करीब युवाओं को रोजगार देंगीं। उन्होंने युवाओं से 4 मई को सलासी स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र हमीरपुर में आयोजित किए जाने वाले लघु रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की हैं। चयनित युवाओं को साढे 16 हजार से 25 हजार रुपए तक का मासिक वेतन दिया जाएगा।
इस लघु रोजगार मेले में आईटीआई और पॉलीटेक्निक डिप्लोमाधारक, होटल मैनेजमेंट, बीटेक, एमबीए, बीफार्मा, डीफार्मा, बीएससी, बीकॉम और बीए पास युवाओं के अलावा दसवीं व 12वीं पास युवा भी भाग ले सकते हैं। रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
