अरविंदर सिंह,हमीरपुर: कांग्रेस सरकार के समय में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी महंगाई के खिलाफ बोलने से नहीं हारती थी। गैस सिलेंडर सिर पर उठा कर और सब्जी, फलों की माला पहनकर सड़कों पर तांडव करके विरोध प्रदर्शन करती थी लेकिन जब उनके कार्यकाल में महंगाई आसमान को छू रही है तो स्मृति ईरानी मुंह में दही जमा कर बैठी है। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता बिंग कमांडर अनुमा अचार्य ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की ओर से कांग्रेस पर की गई बयान बाजी पर पलटवार करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि इस समय केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियां और प्रदेश सरकार की नकारा कार्यप्रणाली के कारण आज प्रदेश का हर व्यक्ति दुःखी और बुरी तरह त्रस्त है। मोदी सरकार ने रक्षा बजट घटा कर देश की सुरक्षा को भी ताक पर रख दिया है। अग्नि पथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती को लागू के देश के युवाओं के साथ कुठारघात किया है। उन्होंने बताया कि वह चुनाव तक हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में पार्टी का पक्ष रखने और भाजपा की जनविरोधी नीतियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने का काम करेंगी।
वहीं जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार ने कहा कि गत दिन ऊना दौरे पर आए प्रधानमंत्री ने बड़े दिनों से प्रचारित ऊना – हमीरपुर रेलवे लाइन का नींव पत्थर रखने का वादा किया था परंतु एक बार फिर से जनता को धोखा देकर ठग गए। कर्नल प्यार सिंह अत्री ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा देश में सदभाव पैदा कर रही है।
