शिमला | नशे के खिलाफ जारी अभियान में शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस स्पेशल सेल टीम को शाम तारादेवी-टूटू बाईपास क्षेत्र में हरियाणा नंबर प्लेट वाली एक संदिग्ध वाहन की सूचना मिली। कार्रवाई करते हुए काले रंग की स्विफ्ट कार (HR12AX5838) को रोका गया। तलाशी के दौरान कार से कुल 94 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।
गिरफ्तार किए गए सभी पांच आरोपी हरियाणा के सोनीपत और झज्जर जिले के निवासी हैं। इनमें अन्जीत (34), इरफान (38), रविकांत (30), मुकेश (47) और नरेन्द्र (38) शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चिट्टा बेचने के उद्देश्य से शिमला ला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया। शुरुआती सुनवाई में सभी पांचों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। बाद में इरफान, मुकेश, नरेन्द्र और रविकांत को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया, जबकि अन्जीत को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर रखा गया है।
शिमला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान निरंतर जारी है और अंतरराज्यीय तस्करों पर नकेल कसने के लिए स्पेशल सेल सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। हाल के दिनों में शिमला पुलिस ने कई बड़ी बरामदगियाँ की हैं, जिससे नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई स्रोत और शिमला में चिट्टे के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के खिलाफ अभियान और प्रभावी बनाया जा सके।
