मंजुर पठान, चंबा: प्रदेश में बीते दो दिनों से खराब हुए मौसम की वजह से चंबा के चुराह विधान सभा क्षेत्र के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया हैं। बर्फबारी के चलते लोगों की परेशानी भी अब बढ़ने लगी हैं। बैरागढ़ टेपा, सनवाल,भराड़ा,काठवाड़ चांजू,चरोडी जैसे दुर्गम इलाकों में भारी बर्फबारी होने से डेढ़ दर्जन के आसपास संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं,जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं।
इन मार्ग पर डेढ़ से दो फीट के आसपास हिमपात हुआ हैं। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मार्ग को बहाल करने में जुट गई है और प्रशासन ने भी पीडब्ल्यूडी विभाग को सख्त निर्देश दिए है की सबसे पहले उन मार्गों को पीडब्ल्यूडी विभाग खोले जहां अधिक आवाजाही होती हैं। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों के मार्गों को भी जल्द खोलने का प्रयास करें। चुराह विधान सभा क्षेत्र की पंचायतों में भी पंचायत प्रधानों से प्रशासन संपर्क में हैं, ताकि कोई दिक्कत हो तो पंचायत के प्रधान प्रशासन से संपर्क कर सके,हालांकि कई क्षेत्रों में अधिक बर्फबारी से लोगों को अपने घरों में रहने की सलाह दी गई हैं।
एसडीएम चुराह गिरीश सुमरा का कहना है की 2019 के बाद अधिक बर्फबारी होने से दिक्कतें बढ़ी हैं। कई मार्ग बंद हैं,जिन्हें खोलने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय रहते मार्ग बहाल हो सके। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली की व्यवस्था भी ठीक की जाएगी। उन्होंने कहा की सभी पंचायतों के प्रधानों के साथ प्रशासन संपर्क साधे हुए हैं।
