लाहौल स्पीति : मनमिंन्द्र अरोड़ा -जिला लाहौल स्पीति की लाहौल घाटी में बीती रात से ही बर्फबारी का दौर जारी हो गया है। तो वहीं बर्फबारी के चलते घाटी का तापमान एक बार फिर से काफी कम हो गया है।
मौसम विभाग के द्वारा प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी। ऐसे में बीती शाम के समय पहले लाहौल घाटी में बारिश का दौर शुरू हुआ। लेकिन रात से ही अब बर्फबारी भी शुरू हो गई है। वहीं अप्रैल माह में पर बारिश होने के चलते घाटी में कृषि कार्य प्रभावित हुए हैं। क्योंकि बीते दिनों घाटी में मौसम साफ रहने के चलते किसानों के द्वारा खेतों की जुताई शुरू कर दी गई थी और खेतों में मटर, गोभी, आलू सहित अन्य फसलों का कार्य चल रहा था। ऐसे में एक बार फिर से बर्फबारी होने के चलते कृषि कार्य प्रभावित हुआ है और तापमान कम होने के चलते घाटी का जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। हालांकि लाहौल घाटी की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है। लेकिन अगर दोपहर बाद बर्फबारी अधिक होती है तो अटल टनल वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दी जाएगी।
कुल्लू जिला में रात से बारिश का दौर जारी
वहीं जिला कुल्लू में भी बीती रात से ही भारी बारिश का दौर जारी है। कुछ जगह पर तेज तूफान के साथ अंधड़ भी आया। जिस कारण फलदार पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। ऐसे में तापमान में आई एकदम कमी से किसानों व बागवानों की मुश्किलें भी कम होने का नाम नहीं ले रही है। डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि मौसम विभाग के द्वारा जिला कुल्लू में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोग एहतियात बरते और भूस्खलन वाली जगह का रुख ना करे।
