लड़कों के वर्ग में सोलन और ऊना की टीमों के बीच रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें सोलन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं लड़कियों के फाइनल में खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा और सिरमौर की टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसमें राजपुरा की टीम विजेता बनी। मुख्य अतिथि संजीव गुलेरिया ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां और पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सशक्त माध्यम हैं। साथ ही उन्होंने स्थानीय क्षेत्र के विकास के लिए जिला प्रशासन के माध्यम से तीन लाख रुपये उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया।
हिमाचल प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार बरागटा ने बताया कि कबड्डी के क्षेत्र में हिमाचल की बेटियां लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि हिमाचल प्रदेश की पांच बेटियां वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं, जबकि भारतीय महिला टीम की कप्तान और उपकप्तान भी हिमाचल से संबंध रखती हैं। बरागटा ने मंडी जिला की खिलाड़ी भावना का नाम लेते हुए सभी को बधाई दी।समारोह में सचिव कुलदीप राणा, जिला कबड्डी संगठन के प्रधान श्यामलाल ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष रमेश चंद, मंडी सचिव नेत्र सिंह ठाकुर, प्रो कबड्डी खिलाड़ी महेंद्र सिंह तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
