राहुल चावला, धर्मशाला। धर्मशाला स्थित इनडोर स्टेडियम में शनिवार को अंडर-11 और अंडर-13 जिला स्तरीय कांगड़ा बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इस एक दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ की ओर से किया गया, जिसमें जिलेभर से आए लगभग 88 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वन विभाग के असिस्टेंट कंजरवेटर (ACF) दौलत राम ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें उत्साह एवं खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।
संघ के महासचिव विलास हंस ने जानकारी दी कि अंडर-11 वर्ग के लिए कट ऑफ डेट 1 जनवरी 2015 और अंडर-13 वर्ग के लिए 1 जनवरी 2013 रखी गई थी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की शुरुआत सुबह 7 बजे से की गई, जिसमें एकल और युगल मुकाबले दोनों आयोजित किए गए हैं।
विलास हंस ने आगे बताया कि समाचार लिखे जाने तक इनडोर स्टेडियम में क्वार्टर फाइनल मुकाबले जारी थे। उन्होंने कहा कि एकल मुकाबलों में पहले चार स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी तथा युगल मुकाबलों के विजेता और उपविजेता आगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 12 से 14 अक्टूबर तक शिमला में आयोजित की जाएगी। जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ की टीम 11 अक्टूबर की सुबह शिमला के लिए रवाना होगी।
