शिमला, संजू -:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार सायं ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में आयोजित की गई है। उन्होंने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ एवं लोकप्रिय नेता थे, जिनका हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन उभरते खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आयोजित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल वातावरण का अनुभव प्राप्त होता है, जिससे उनके कौशल और प्रदर्शन में सुधार आता है। उन्होंने खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।चैंपियनशिप में भारत, श्रीलंका, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड के अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजों ने भाग लिया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक हरीश जनारथा, हरदीप बावा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
