ऊना (राकेश): हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस इकाई पर दिल्ली के नेताओं का कब्जा होने का दावा हिमाचल वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने किया है। इतना ही नहीं उन्होंने हिमाचल प्रदेश के बड़े कांग्रेस नेताओं को दिल्ली से साइडलाइन किए जाने का भी दावा किया। सतपाल सत्ती ने कांग्रेस की हिमाचल ईकाई पर जुबानी हमला बोला है।
उन्होंने कांग्रेस की ओर से प्रदेश में 2 रुपए किलो गोबर लिए जाने के चुनावी वायदे पर तंज कसते हुए कांग्रेस के चुनाव प्रभारी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी तंज कसा है। यही नहीं सत्ती ने नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के कुछ दिन पहले गलत टिकट आबंटन पर पार्टी छोड़ने वाले बयान का आधार बनाकर कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मृत्यु के बाद कांग्रेस के नेता विहीन और दिशा विहीन होने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्येक दिग्गज नेता को पार्टी हित की जगह निजी हित के लिए राजनीति किए जाने की भी बात कही। सती ने इस संदर्भ में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, विक्रमादित्य और कौल सिंह के नामों का जिक्र किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेश में दोबारा सरकार बनाकर कांग्रेस के विधायकों की संख्या बहुत कम आने का दावा भी किया।
