Rahul chawla, Dharamshala(TSN)- उप मुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा है कि प्रदेश सरकार जिला सोलन के नालागढ़ में बनने वाले मेडिकल डिवाइस पार्क पर तेज़ी से कार्य कर रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पिछले 10 वर्षों से केंद्र में उच्च पदों पर रहते हुए भी हिमाचल प्रदेश के लिए कोई उल्लेखनीय परियोजना नहीं ला सके।
धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पठानिया ने कहा कि प्रदेश की जनता को उम्मीद थी कि नड्डा अपने कांगड़ा-चंबा दौरे के दौरान कुछ सौगात देंगे, लेकिन वे केवल निराधार आरोप लगाकर लौट गए।उन्होंने कहा कि नालागढ़ में प्रस्तावित मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए केंद्र सरकार ने भले ही 100 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का प्रस्ताव दिया था, लेकिन इसके साथ अनेक शर्तें भी थोप दी गईं, जिससे राज्य को भारी वित्तीय नुकसान होता।
पठानिया ने बताया कि यदि राज्य सरकार केंद्र की शर्तें मानती, तो उसे करीब 300 एकड़ की भूमि उद्योगपतियों को मात्र एक रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से देनी पड़ती, जिसकी बाजार कीमत करीब 500 करोड़ रुपये है। साथ ही 3 रुपये प्रति यूनिट बिजली, दस साल तक मुफ्त पानी और गोदाम सुविधा भी देनी पड़ती। इतना ही नहीं, इस परियोजना से मिलने वाला जीएसटी भी राज्य को नहीं मिलता।उन्होंने कहा कि ऐसी शर्तों के चलते प्रदेश सरकार ने यह प्रस्ताव ठुकराया और अब स्वयं 130 करोड़ रुपये की लागत से इस पार्क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।पठानिया ने कहा कि नड्डा को प्रदेश के हितों की पैरवी करनी चाहिए थी, जैसे बीबीएमबी में हिस्सेदारी, प्राकृतिक आपदा में सहायता, जीएसटी के बकाया पैसे, और एनपीएस के तहत अटके हुए हिमाचल के फंड की वापसी।
