बिलासपुर,सुभाष ठाकुर(TSN)-प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए नई लैंड पूलिंग योजना को लागू करने की तैयारी में है।इस योजना के तहत मॉडल विलेज विकसित करने की प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाएगा।तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बिलासपुर में सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इस योजना को मंजूरी के लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग(टीसीपी) विभाग को भेजा जाएगा और इसके बाद हिमुडा अधिकारियों द्वारा कार्यवाही शुरू की जाएगी।
मंत्री धर्माणी ने कहा कि इस योजना के तहत हर जिले में लोगों से सहमति लेकर जमीन का पूलिंग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुराने समय में भी बुजुर्ग आपसी सहमति से आबादी और अन्य जमीन दान देकर सामाजिक कल्याण के कार्य करते थे।इसी तर्ज पर नई योजना को लागू किया जाएगा। मॉडल विलेज विकसित करने के लिए एक हजार बीघा या इससे अधिक जमीन एकत्रित की जाएगी। इस जमीन को कॉमन उपयोग के लिए सुनियोजित तरीके से विकसित किया जाएगा।मंत्री ने कहा कि यह योजना ग्रामीण इलाकों को सुदृढ़ बनाने और विकास की नई परिभाषा गढ़ने में सहायक होगी।उन्होनें कहा इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे और लोगों की सहमति से कॉमन उपयोग की जमीन का सही इस्तेमाल होगा।
