सोलन : योगेश शर्मा (TSN)- प्रदेश के बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में हिमाचल प्रदेश बागवानी विकास परियोजना के अंतर्गत स्थापित उन्नत मृदा एवं पत्ती विश्लेषण प्रयोगशाला की सैंपल प्रसंस्करण खंड का शुभारंभ किया। यह प्रसंस्करण खंड 50 लाख रुपए की लागत से तैयार हुआ है।
बागवानी मंत्री ने उन्नत मृदा एवं पत्ती विश्लेषण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और वहां होने वाले विभिन्न कार्यों के बारे में जाना। इस दौरान बागवानी मंत्री जगत जगत सिंह नेगी ने कहा कि वह पहली बार विश्वविद्यालय के विजिट पर पहुंचे हैं और यहां पर उनके द्वारा लैब का उद्घाटन भी किया गया उन्होंने नर्सरी का निरीक्षण भी किया है।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय किसान बागवान के लिए बेहतर कार्य कर रहा है और हिमाचल प्रदेश में बागवानी आय का मुख्य साधन है । ऐसे में विश्वविद्यालय के महत्व को देखते हुए इसे वर्ल्ड क्लास बनाने का प्रयास भी किया जाएगा । उन्होंने कहा कि मैनपावर की जो कमी विश्वविद्यालय में है उसको लेकर आगामी दिनों में कार्य किया जाएगा क्योंकि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन की सरकार चल रही है,ऐसे में जो भी कमियां विश्विद्यालय को आ रही है,उसे पूरा किया जाएगा। बता दें कि इसके अतिरिक्त बागवानी मंत्री ने विश्विद्यालय की विभिन्न फील्ड्स का दौरा किया। बागवानी मंत्री ने फल विज्ञान विभाग की विभिन्न फलों की नर्सरी, पोस्ट एंट्री क्वारेंटाइन साइट्स, उच्च घनत्व सेब बगीचे, कीवी ब्लॉक, टिशु कल्चर लैब, फॉरेस्ट प्रोडक्ट्स लैब, हर्बेरियम और सोलर किचन का दौरा किया।
