सिरमौर : देवेंद्र कुमार (TSN) – सिरमौर जिला में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत अपना कारोबार शुरू करने वाले युवाओं का सपना साकार होने वाला है। इस योजना के तहत युवाओं को अनुदान के साथ सस्ते ब्याज दरों पर अपना उद्यम स्थापित करने का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत सिरमौर जिला में 35 आवेदनों को मंजूरी प्रदान की गई, जिसमें 4.5 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश शामिल है।
उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने गत सांय नाहन में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अन्तर्गत वर्ष 2023-24 की दूसरी जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी प्रदान की। सुमित खिमटा ने कहा कि सिरमौर जिला में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत 35 युवा अपना कारोबार शुरू करेंगे। इन युवाओं द्वारा शुरू किये जा रहे उद्यमों में कुल 4.5 करोड़ रुपये की पूंजी का निवेश होगा। उन्होंने बताया कि बैठक में कुल 64 आवेदनों पर विस्तार से चर्चा हुई जिसमें योजना के नियमों के अनुरूप मैरिट और फिजिबिलिटी के मापदंड देखने के उपरांत 35 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत 35 मामलों में काफी संख्या में महिला लाभार्थी भी शामिल हैं।
‘‘क्या है मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना’’
उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश के बेरोज़गार युवाओं को स्वरोज़गार प्रदान करने के उद्देश्य से आरंभ की गई मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनाज़रूरतमंद युवाओं के स्वरोज़गार के सपनों को साकार करने में सहायक सिद्ध हो रही है। इस योजना के अंतर्गत 18 से 45 वर्ष तक के युवाओं और 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को स्वरोज़गार के प्रति प्रोत्साहित करने के उ्देश्य से 25 प्रतिशत से लेकर 35 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाता है। इस योजना के तहत ऋण प्राप्त करने की अधिकतम सीमा एक करोड़ रुपये है। इसके अलावा 3 वर्ष तक 5 प्रतिशत के हिसाब से ब्याज दर में भी छूट प्रदान की जाती है।महा प्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र सिरमौर ने इस अवसर पर विस्तार से विभिन्न आवेदनों और योजना का लाभ उठाने वालें अभ्यर्थियों के बारे में जानकारी प्रदान की।
