मंडी : चन्द्रिका (TSN)- मंडी में राज्य स्तरीय कला उत्सव आज से शुरू हो गया । दो दिनों तक चलने वाले इस कला उत्सव का शुभारंभ एडीसी मंडी निवेदिता नेगी ने किया। इस कला उत्सव में प्रदेश के 12 जिलों से आए 256 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। यह प्रतिभागी 10 ईवेंट्स में अपनी प्रतिभाग के जौहर दिखा रहे हैं,जिसमें वोकल म्यूजिक क्लासिक, वोकल म्यूजिक ट्रेडिशनल फोक, इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक, इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक मेलोडियस, डांस क्लासिकल, डांस फोक, टू डी विजुअल आर्ट्स, थ्री डी विजुअल आर्ट्स, इंडीजिनियस टॉयस एंड गेम्स और ड्रामा सोलो एक्टिंग शामिल हैं। इन सभी का चयन जिला स्तर से हुआ है और यहां से जो भी चयनित होगा उसे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने और अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।
पहले स्थान पर आने वाले को ही मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर जाने का मौका
एडीसी मंडी निवेदिता नेगी ने इस तरह के आयोजन को अपने अंदर की छुपी प्रतिभा को दिखाने का एक बेहतरीन मंच बताया और सभी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं दी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मंडी की कार्यवाहक प्रधानाचार्य सरिता शर्मा ने बताया कि 10 ईवेंट्स में जो भी पहले स्थान को प्राप्त करेगा, उसे ही राष्ट्रीय स्तर पर जाने का मौका मिलेगा। वहीं प्रतिभागियों में भी इस उत्सव को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कुल्लू जिला से आई अपर्णा ठाकुर और हमीरपुर जिला से आई अदविका ने अपनी प्रस्तुति के बाद जीत को लेकर विश्वास जाहिर किया।
