नाहन (देवेन्द्र कुमार): जिला मुख्यालय नाहन स्थित इंडोर स्टेडियम में अंडर-19 और सीनियर वर्ग की राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ डीसी सिरमौर रामकुमार गौतम द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने एसोसिएशन को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे डीसी सिरमौर रामकुमार गौतम ने कहा कि जिला सिरमौर में हो रही इससे राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता से जिला सिरमौर के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
युवा खिलाड़ी इस प्रतियोगिता से मोटिवेशन लेकर जिला और राज्य स्तर के लिए अपने आपको तैयार करेंगे। इसके साथ-साथ खिलाड़ियों को एक दूसरे के साथ इंटरेक्शन का भी इस प्रतियोगिता के माध्यम से मौका मिलेगा। उन्होंने इस प्रतियोगिता को सिरमौर में करवाने के लिए राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन और सिरमौर बैडमिंटन एसोसिएशन का धन्यवाद किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।
राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष केके शर्मा ने बताया कि ये राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में अंडर-19 और सीनियर महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि लंबे अरसे के बाद अंडर-19 और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताएं एक साथ की जा रही है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जिलों से करीब 120 खिलाड़ी और 25 के करीब ऑफिशियल पहुंचे हुए हैं। प्रतियोगिता में अंडर-19 सिंगल एवं डबल और मिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
