नूरपुर (संजीव महाजन): फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र बतराहन पंचायत के वार्ड नंबर 3 के मनरेगा मजदूरों को मनरेगा के तहत काम नहीं मिल रहा है। काम ना मिलने की वजह से मजदूर परेशान है ओर उन्होंने अपना विरोध भी इस पर दर्ज करवाया है। मनरेगा मजदूरों ने अपनी इसी समस्या को लेकर आज विकास खंड कार्यालय फतेहपुर पहुंचे व विकास खंड अधिकारी के कार्यालय के सामने सांकेतिक धरना दिया। मनरेगा के तहत पंजीकृत महिला मजदूरों ने बताया पिछले करीब आठ वर्षों से उन्हें मनरेगा के तहत कार्य नहीं मिला है जिसके चलते उन्हें परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
मनरेगा मजदूरों ने बताया कि वह बार -बार पंचायत से मनरेगा के तहत कार्य दिलवाने की अपील करते रहे हैं लेकिन उन्हें मनरेगा के तहत कोई भी कार्य नहीं मिला है। विकास खंड सुप्रिडेंट मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि मनरेगा मजदूरों की समस्या जायज है। उन्होंने पंचायत सचिव को आगामी दो -तीन दिन के भीतर मनरेगा मजदूरों को कार्य उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया की सरकार के निर्देशों पर मनरेगा मजदूरों को एक साल में 120 दिन का रोजगार देना तय किया गया है। बीडीसी तम्मना ने बताया उनकी पंचायत बतराहन के बार्ड नंबर तीन के मनरेगा मजदूरों को पिछले लंबे समय से काम नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कार्यालय सुप्रिडेंट के आश्वासन के बाद मनरेगा मजदूरों को राहत मिलने की उम्मीद बंधी है।
