नाहन/देवेन्द्र कुमार – राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार सिरमौर जिला की सराहां में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यहां पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी एनएसएस की टुकड़ियों की भव्य परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और कहा कि यह दिन उन सभी वीर सपूतों को याद करने वाला है , जिन्होंने अपना बलिदान देकर देश को आजादी दिलाई। मुख्यमंत्री ने सिरमौर जिला से जुड़े पझोता आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि आम लोगों ने यहां एकत्रित होकर विदेशी हुकूमत के खिलाफ लड़ाई लड़ी जिसमें उन्हें सफलता भी प्राप्त हुई।
सीएम ने हिमाचल निर्माता डॉ वाई परमार को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ प्रदेश निर्माण में भी उनकी अहम भूमिका रही है ।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भर में लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में अपना भरपूर सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि यह समय देश की उपलब्धियों और देश के गौरवशाली इतिहास के जश्न मनाने का है । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और देश ने विश्व के मानचित्र पर एक अलग पहचान बनाई है।
जिला परिषद केडर कर्मचारियों को दिया जाएगा संशोधित वेतनमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस दौरान घोषणा की कि हिमाचल प्रदेश में जिला परिषद केडर कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान दिया जाएगा । साथ ही 12 साल का कार्यकाल पूरा करके पंचायत चौकीदारों को दैनिक भोगी कर्मचारी बनाया जाएगा।
