मंडी :धर्मवीर (TSN)- पुलिस विभाग में अपनी कार्यप्रणाली के लिए चर्चित चेहरों में से एक आईपीएस अधिकारी साक्षी वर्मा ने मंडी में बतौर एसपी पदभार ग्रहण कर लिया है। यहां पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी और स्वागत किया। मंडी में पदभार ग्रहण करने के बाद साक्षी वर्मा ने अपनी प्राथमिकता गिनवाईं और जनहित में कार्य करने की प्रतिबद्धता को जाहिर किया।
एसपी ने कहा कि मुख्य तौर पर तीन चीजों पर फोकस रहेगा। इसमें ड्रग के खिलाफ सख्ती से काम करना, महिला के खिलाफ अपराध पर त्वरित कार्रवाई शामिल रहेगी। इसके अलावा यातायात प्रबंधन को पुख्ता बनाने पर जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि वह बतौर एसपी कुल्लू काम कर चुकीं हैं। ऐसे में वह कुल्लू-मनाली के लिए आने वाले पर्यटकों को पेश आने वाली जाम स्थिति से भलीभांति परिचित हैं। इसीलिए टूरिस्ट सीजन के साथ सामान्य दिनों के लिए पुख्ता यातायात प्रबंधन बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा जनता व अन्य बुद्धिजीवी वर्ग से मिले फीडबैक के अनुसार कार्य होगा। उन्होंने कहा कि कार्यालय में उपलब्ध होने पर उनसे मिलने के लिए कोई समय निर्धारित नहीं है। जब भी वह कार्यालय में उपलब्ध हैं तो कोई भी उनसे मिल सकता है। शिकायत हो या कोई सुझाव सीधे उन्हें आकर दे सकता है।
बता दें कुल्लू जिला में बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे रही साक्षी वर्मा को अब मंडी जिला का जिम्मा दिया गया है। साक्षी वर्मा 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी है और कुल्लू से पूर्व किन्नौर में भी बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। एसपी बनने से पूर्व साक्षी वर्मा मंडी जिला के सुंदरनगर में प्रोबेशनर आईपीएस अधिकारी व शिमला में एसएसपी भी रह चुकी हैं। मंडी जिला में लगातार तीसरी बार महिला आईपीएस अधिकारी कानूनी व्यवस्था की कमान संभालती हुई नजर आएंगी।
