राकेश,ऊना: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से घोषित यूजीके प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम में अधिकतर छात्रों के फेल होने पर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। छात्र लगातार धरना प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना विरोध जता रहे हैं। इसी कड़ी में श्री विष्णु सनातन धर्म डिग्री कॉलेज में छात्रों ने दूसरे दिन शुक्रवार को भी धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने कालेज मैनेजमेंट व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कॉलेज के मुख्य गेट को बंद कर कॉलेज मैनेजमेंट व युनिवर्सिटी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे छात्र-छात्राओं का गुस्सा उस समय और भी बढ़ गया जब कॉलेज मैनेजमेंट की ओर से मौके पर पुलिस बुला ली गई। पुलिस ने आकर कॉलेज के मुख्य गेट को खुलवा दिया और उसके बाद गुस्साए छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी को ओर तेज कर दिया। फिलहाल छात्र इस मांग पर अड़े हुए है कि हम सभी को प्रमोट किया जाए। छात्र-छात्राओं ने कहा कि एक बार पास करने के उपरांत उन्हे क्यों फेल किया यह भी बताया जाए? छात्र-छात्राओं का यह भी आरोप था कि एक तो रिजल्ट घोषित करने में 8 महीने की देरी कर दी और उपर से पास करने के बाद फिर से छात्रों को फेल कर दिया गया है।
छात्रों का कहना है कि इस से उनके दो वर्ष खराब हो रहें है। छात्रों ने साफ शब्दों में कहा कि सभी छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय प्रमोट करे इसके अलावा उन्हे कुछ भी मंजूर नहीं है। वहीं कॉलेज प्रिंसिपल डॉ.अरविंद शर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं के रोष के बारे में एक रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेजी गई है, जिसके आधार पर युनिवर्सिटी की ओर से एक कमेटी का गठन कर जांच शुरू कर दी है, जिसकी रिपोर्ट दो-तीन दिन में आ जाएगी। हम बच्चों को समझाने का प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस लिए बुलाई गई थी ताकि कोई बाहरी व्यक्ति किसी तरह की शरारत इस प्रदर्शन के दौरान ना कर दें।
