मंडी : धर्मवीर – केंद्र सरकार के युवा संगम कार्यक्रम के तहत गोवा राज्य के 45 स्टूडेंट्स इन दिनों हिमाचल प्रदेश के भ्रमण पर आए हैं। केंद्र सरकार के एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत युवा संगम कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य एक राज्य के बच्चों को दूसरे राज्य के पर्यटन, पंरपरा, प्रगति, परस्पर सहयोग और प्रोद्योगिकी से अवगत करवाना है। इसी कड़ी में यह स्टूडेंट्स अभी तक कुल्लू-मनाली, अटल टनल, लाहुल स्पिति, रोहतांग, पंडोह डैम, रिवालसर झील और स्थानीय गांवों का भ्रमण करके इस संदर्भ में जानकारियां ले चुके हैं।
स्टूडेंट्स हिमाचल भ्रमण को लेकर दिखे खासे उत्साहित
छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर के प्राचीन मंदिरों और प्राचीन धरोहरों के स्टूडेंट्स को दर्शन करवाए गए। भारतीय सांस्कृतिक निधि (इंटैक) मंडी के सदस्यों ने इन स्टूडेंट्स को प्राचीन मंदिरों और धरोहरों के इतिहास से अवगत करवाया और मंडी शहर के प्राचीन इतिहास की जानकारी प्रदान की।वहीं, गोवा से आए स्टूडेंट्स अपने भ्रमण को लेकर खासे उत्साहित नजर आए और इसे एक ज्ञानवर्धक टुअर बताते हुए इसके लिए केंद्र सरकार का आभार जताया। आइआइटी गोवा की तरफ से आए खेल अधिकारी संतोष उपाध्याय ने आइआइटी मंडी और स्थानीय लोगों का आभार जताया और कहा कि गोवा के स्टूडेंट्स को हिमाचल आकर बहुत कुछ सीखने को मिला है और इससे उनका ज्ञानवर्धन हुआ है।
