अरविंदर सिंह, हमीरपुर: सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी का टिकट क्यों बदला गया इस पर स्थिति स्पष्ट किए जाने की बात सुजानपुर पंचायत समिति अध्यक्षाMandal एवं भाजपा महिला मोर्चा उपाध्यक्ष अंजना ठाकुर ने भाजपा केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व से की है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर भाजपा मंडल की ओर से केवल एक प्रत्याशी प्रेम कुमार धूमल के नाम को भाजपा हाईकमान के पास भेजा गया था उसके बावजूद उनके नाम को बदलकर किसी अन्य प्रत्याशी को भाजपा उम्मीदवार क्यों बनाया इसका जवाब हाईकमान दे।
अंजना ठाकुर ने भाजपा केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व से सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में घोषित प्रत्याशी के बदले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के लिए टिकट मांगी है। उन्होंने कहा कि जब मंडल पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों की भावनाओं को आहत ही करना था तो यह सुझाव कि आपके विधानसभा क्षेत्र में कौन प्रत्याशी बेहतरीन हैं किसे टिकट मिलना चाहिए क्यों हमसे लिए गए? जब केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व ने अपने मन की ही बात करनी थी।
उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार धूमल बीते 5 वर्षों से सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में काम कर रहे है। 2017 में हार मिलने के बावजूद इस शीर्ष नेता ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र को नहीं छोड़ा। दिन रात एक कर के लोगों के काम किए विकास को गति दी। अगर इन्होंने चुनाव नहीं लड़ना था तो यह शख्सियत घर बैठकर आराम एवं सुखद पल व्यतीत कर सकती थी। अपने परिवार के साथ ऐशो आराम की जिंदगी गुजार सकती थी, लेकिन बीते 5 वर्षों से जनता की सेवा में लगे पूर्व मुख्यमंत्री के किस आधार को देखकर उनकी टिकट को बदला गया इस बात पर स्थिति स्पष्ट की जाए।
उन्होंने कहा कि परिवारवाद या उम्र दराज तमाम जो नियम बनाए गए हैं क्या केवल सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र पर ही लागू होते हैं। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी परिवारवाद को आगे बढ़ाया गया है। कई स्थानों पर बाप के बाद बेटे को टिकट दी गई है। ऐसे में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से यह भेदभाव अनदेखी क्यों की गई इस पर स्थिति स्पष्ट की जाए। उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से जो प्रत्याशी घोषित किया गया है उसके बदले प्रेम कुमार धूमल को यहां का उम्मीदवार बनाया जाए ताकि पूरे प्रदेश में कमल खिल सके। भाजपा मिशन रिपीट के साथ-साथ रिवाज भी बदल सके। शीघ्र अति शीघ्र इस पर फैसला लिया जाए।
उन्होंने कहा कि वे भाजपा के हैं थे और रहेंगे लेकिन भाजपा पार्टी को ही कार्यकर्ताओं की सुननी होगी। उनके मन की बात को जानना होगा। वर्तमान में जो स्थिति सुजानपुर भाजपा मंडल पदाधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र की जनता की हुई है, तमाम कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा है जो सही बात नहीं है इसलिए जनता की आवाज को जनहित की इस मांग को देखते हुए सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से केवल प्रेम कुमार धूमल को ही उम्मीदवार बनाया जाए ओर शीघ्र अति शीघ्र टिकट बदलाव किया जाए।
