अरविंदर सिंह,हमीरपुर: भारतीय जनता पार्टी की ओर से सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव में कैप्टन रंजीत सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। एक पूर्व सैनिक को चुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर पूर्व सैनिकों ओर सैनिक परिवारों में खुशी का माहौल है और उन्होंने इसके लिए भाजपा पार्टी का आभार भी जताया है।।
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रंजीत सिंह सेना मेडल को भारतीय जनता पार्टी का टिकट मिलने पर खुशी का इजहार किया है। पूर्व सैनिकों ने एक स्वर में कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि पूर्व सैनिक एक आम कार्यकर्ता और जमीनी स्तर से पार्टी सेवा में लगे प्रत्याशी को घर बैठे भारतीय जनता पार्टी की टिकट प्राप्त हुई है। एक तरफ जहां कांग्रेस पार्टी में टिकट पाने के लिए एक दूसरे को नीचा दिखाने का काम किया जा रहा है वहीं जोड़-तोड़ की राजनीति की जा रही है। शक्ति प्रदर्शन करना पड़ रहा है, उसके बावजूद धन्ना सेठ को ही टिकट मिल रहे हैं, लेकिन एक तरफ भारतीय जनता पार्टी है जो आम कार्यकर्ता को पार्टी का टिकट देकर विधायक का चुनाव लड़वाती है। ऐसा केवल भारतीय जनता पार्टी में ही हो सकता है।
उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर,पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का सपना रहा है कि भारतीय जनता पार्टी का कोई भी बड़ा नेता तब तक बड़ा नहीं बन सकता जब तक छोटे कार्यकर्ता को मान सम्मान नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में आम कार्यकर्ता को बड़े-बड़े पदों पर विराजमान किया जाता रहा है और अब की बार सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से जहां से खुद दो बार के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल चुनाव लड़ने वाले थे लेकिन उन्होंने अपने स्थान पर पार्टी के एक आम कार्यकर्ता को टिकट दिया जो अपने आप में पूरे प्रदेश को अचंभित करने के साथ साथ पूर्व सैनिकों को गौरवान्वित करने वाली बात है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि पूर्व सैनिक भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रंजीत सिंह के साथ दिन रात एक कर उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे।
