Sirmour, 3 August-सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार पर आरोप लगाया है कि वह लॉटरी योजना शुरू कर गरीब और मजदूर वर्ग को आर्थिक बर्बादी की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार राजस्व जुटाने के नाम पर लॉटरी जैसे जुए को बढ़ावा दे रही है, जिससे निम्न वर्ग के लोग नुकसान उठाएंगे।
मेलाराम शर्मा ने बताया कि साधन-संपन्न लोग आमतौर पर लॉटरी टिकट नहीं खरीदते, जबकि जल्दी अमीर बनने के लालच में गरीब और दिहाड़ी मजदूर अपनी मेहनत की कमाई इस पर खर्च कर देते हैं। यही कारण था कि पूर्व में धूमल सरकार और बाद में वीरभद्र सिंह सरकार ने लॉटरी पर रोक लगा दी थी।उन्होंने कहा कि पूर्व में लॉटरी से हजारों गरीब परिवार उजड़ चुके हैं और अब इसे दोबारा शुरू करना गरीबों के शोषण के समान है। शर्मा ने सुझाव दिया कि प्रदेश सरकार को राजस्व बढ़ाने के लिए पर्यटन और बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में निवेश करना चाहिए, न कि लॉटरी जैसी योजनाओं से गरीबों की कमर तोड़नी चाहिए।
