राकेश, ऊना: प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की ओर से सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पद के लिए उनका नाम तय है मात्र इसकी औपचारिक घोषणा होना बाकी है। वहीं उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है जिसे लेकर उनके समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऊना शहर में जश्न शुरू कर दिया हैं।

समर्थकों ने यहां लड्डू बांट कर, पटाख़े चलाकर खुशी का इज़हार किया। समर्थकों ने इस दौरान सतपाल रायजादा और सुखविंदर सुक्खू के पक्ष में नारेबाजी की और रेड लाइट चौक पर पटाख़े चलाएं जिसके बाद शहर में एक रैली निकाली गई।

कांग्रेस नेता वरुण पूरी ने बताया कि सुखविंदर सुक्खू को कांग्रेस हाईकमान की तरफ से मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है जिसको लेकर समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। उसी को लेकर शहर में मिठाई बांटी जा रही है और जश्न मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की जनता को कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने को लेकर आभार भी प्रकट किया है।
