विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में जहां चुनावों से पहले भी कई नेता मां का आशीर्वाद लेने और अपनी जीत की मनोकामना करने के लिए पहुंचे थे। तो वहीं चुनावों में जीत हासिल करने के बाद भी प्रत्याशियों का मां चिंतपूर्णी के दरबार में आना और मां का आशीर्वाद लेना लगातार जारी है। इसी कड़ी के बीच में शनिवार रात 9 बजे के करीब हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी प्रो. सिमी अग्निहोत्री मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंची।
प्रो.सिमी अग्निहोत्री हरौली से करीब 60 किलोमीटर का सफर पैदल तय कर रात को मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंची। यह पहली बार नहीं है जब सिमी अग्निहोत्री पैदल यात्रा कर मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंची हों। इससे पहले भी अपने पति मुकेश अग्निहोत्री के चुनाव में जीत जाने के बाद हर बार वह पैदल यात्रा कर मां चिंतपूर्णी के दरबार आती है। इस बार भी उन्होंने इस परंपरा को जारी रखा है। मुकेश अग्निहोत्री के चुनावों में जीत होने के बाद वह पैदल मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंची हैं। यहां पहुंच कर उन्होंने माता रानी के दर्शन किए और पूजा अर्चना की।

मां के दरबार पहुंचने पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारी तिलक राज कालिया और नव कालिया ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई। पूजा अर्चना करने के बाद चिंतपूर्णी मंदिर परिसर में पावन वटवृक्ष को मोली का धागा बांधा और कन्या पूजन किया। इस मौके पर उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

पत्रकारों की ओर से मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब चिंतपूर्णी मंदिर की पैदल यात्रा कर रही थी तब फोन के माध्यम से उन्हें सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि वह पहली बार हिमाचल में डिप्टी सीएम बनने जा रहे है जिसको लेकर काफी खुशी है। इसके अलावा महिलाओं के उत्थान पर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के मेनिफेस्टो में महिलाओं को 15 सौ-15 सौ रुपए देने का वादा किया गया हैं। यह राशि हर महिला को मिलेगी जिसकी आयु 18 वर्ष से लेकर 60 वर्ष तक की है। अगर घर में 4 महिलाएं हैं तो चारों को ही 15 सौ-15 सौ मिलेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वह शिमला में जाकर शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल होंगी।
