शिमला/भावना शर्मा: प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने पूर्ण बहुमत से जीत हासिल की हैं। कांग्रेस पार्टी अपनी इस जीत से काफी उत्साहित नज़र आ रही है और अब प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने और भजापा को मिली हार पर कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू का बड़ा बयान सामने आया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जिस राज्य में 97 फ़ीसदी हिंदू रहते हैं वहां कांग्रेस ने भाजपा की हिंदुत्व की विचारधारा को हराया हैं।
उन्होंने कहा कि यहां भाजपा की ही हार नहीं बल्कि भाजपा की हिंदुत्व की विचारधारा की भी हार हुई हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह और कांग्रेस के सभी जीते हुए प्रत्याशियों ने भाजपा को प्रदेश में चारों खाने चित किया है। बीते कल राजधानी शिमला के कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित हुई विधायक दल की बैठक में भाग लेने पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस पार्टी के एकजुट होने की बात कही। वहीं कांग्रेस में मुख्यमंत्री कौन होगा इसे लेकर उन्होंने कहा कि यह आलाकमान ही तय करेगा कि मुख्यमंत्री पद की कमान किसे दी जाएगी।
