Hamirpur, Arvind-:प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजेंद्र राणा के हालिया बयान पर कांग्रेस के निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने कड़ा पलटवार किया है। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच का स्तर लगातार गिरता जा रहा है, जबकि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश में बेहतरीन कार्य कर रहे हैं और आपदा प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत उपलब्ध करवाई जा रही है।
सुमन भारती ने मंडी में आपदा के नाम पर भाजपा द्वारा किए गए कथित चंदा संग्रह पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने जनता से भारी मात्रा में धन एकत्रित किया लेकिन वह पैसा न तो मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करवाया गया और न ही उसके उपयोग का कोई स्पष्ट विवरण सामने आया है। उन्होंने मांग की कि भाजपा यह बताए कि आपदा राहत के नाम पर एकत्रित राशि आखिर खर्च कहां हुई।राजेंद्र राणा द्वारा कांग्रेस को “डूबता जहाज” कहे जाने पर भी भारती ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में डूबता जहाज होती, तो “सबसे पहले छह प्लस तीन चूहे” ही जहाज छोड़कर न भागते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में इन नेताओं का प्रवेश अब बंद बताना भी हास्यास्पद है, क्योंकि पार्टी खुद ही इन नेताओं से परेशान है। भारती ने कहा कि जब भाजपा का जहाज डूबेगा, तो वही नेता सबसे पहले नीचे जाएंगे।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारती ने कहा कि जनता को दबाने या चुप कराने का काम भाजपा द्वारा ही किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार उन नेताओं को “शांत कोने” में बैठा देती है, जो सच बोलने का साहस दिखाते हैं।सुमन भारती ने कहा कि भाजपा झूठे आरोपों और भ्रामक बयानों के सहारे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता सच को भलीभांति समझती है।
