Mandi, Dharamveer-उपमंडल सुंदरनगर की ग्राम पंचायत चांबी के जंगमबाग गांव में हुए भयंकर भूस्खलन में दबे सभी सात शव मंगलवार सुबह बरामद कर लिए गए। इसके साथ ही प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन को समाप्त कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार अब किसी और व्यक्ति के दबे होने की सूचना नहीं है।
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि हादसे को लेकर बीबीएमबी की लापरवाही की शिकायतें सामने आई हैं। इस संबंध में प्रशासन जांच करेगा और बीबीएमबी प्रबंधन से जवाब-तलब किया जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां बीबीएमबी की ओर से पाइपलाइन बिछाने के लिए मशीनों से खुदाई की जा रही थी, जिसके चलते यह आपदा घटी।
क्षतिग्रस्त घर खाली करवाए
लैंडस्लाइड से दो मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए, जबकि एक अन्य घर को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने इस मकान को खाली करवा दिया है। वहीं, नजदीकी एक अन्य घर के निवासियों को रात्रि में वहां न ठहरने की सलाह दी गई है।
एसडीएम ने जानकारी दी कि हादसे के तुरंत बाद डीसी मंडी, एसपी मंडी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए थे। पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह सभी शव निकाल लिए गए।
हादसे में सात की मौत
इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल सात लोगों की जान गई है। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
- सुरेंद्र कौर
- उसका बेटा गुरप्रीत सिंह
- बहू भारती
- 3 वर्षीय पोती कीरत
- पास के घर की शांति देवी
- स्कूटर सवार डढ़याल निवासी प्रकाश शर्मा
- टाटा सूमो में सवार खतरवाड़ी निवासी राहुल मंडयाल
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
