Shimla, 3 September-बेनमौर वार्ड स्थित रामचंद्र चौक के समीप हुए भूस्खलन से आसपास के क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। हालात का जायजा लेने के लिए भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव चौहान, विधानसभा प्रत्याशी संजय सूद, प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष संजीव दृष्टा, पूर्व पार्षद किमी सूद, शुभ महाजन, पीयूष नेगी और जोगिंदर चौहान मौके पर पहुंचे।
प्रशासन से राहत की मांग
भाजपा नेताओं ने कहा कि स्थानीय लोगों को तुरंत राहत उपलब्ध करवाई जाए और प्रशासन इस संवेदनशील क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करे।
मरम्मत कार्य में देरी की आशंका
प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने बताया कि रामचंद्र चौक पर हुए नुकसान की मरम्मत में लंबा समय लग सकता है। पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के बीच समन्वय की कमी से काम और अधिक विलंबित होने की आशंका है।
प्रभावित परिवारों का स्थानांतरण जरूरी
नंदा ने यह भी कहा कि यहां रह रहे परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन उन्हें तुरंत सरकारी मकानों में स्थानांतरित करे। स्थानीय जनता की भी यही प्रमुख मांग है।
