Mandi,Dharamveer(TSN)-मंडी में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति में आयोजित सम्मान सभा संगोष्ठी के दौरान भाजपा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ऐतिहासिक रूप से आरक्षित वर्गों के हितों की अनदेखी की है।
गांधी परिवार ने आरक्षित वर्गों के साथ किया अन्याय
सांसद कश्यप ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में दिए अपने भाषणों में देश की संवैधानिक व्यवस्था और आरक्षित वर्गों के अधिकारों पर अप्रत्यक्ष रूप से सवाल उठाते हैं।उन्होंने दावा किया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई,तो यह वर्ग विशेष रूप से प्रभावित हो सकता है।उन्होंने यह भी कहा कि नेहरू परिवार ने अतीत में संविधान को कमजोर करने का प्रयास किया है,जिसका सबसे बड़ा उदाहरण देश में लगाए गए आपातकाल और गैर-कांग्रेसी सरकारों को गिराने की कोशिशें हैं। कश्यप का आरोप था कि नेहरू परिवार ने डॉ. अंबेडकर को जीवनकाल में ही नहीं, मरणोपरांत भी उचित सम्मान नहीं दिया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद थे। संगोष्ठी में भाजपा की ओर से यह भी कहा गया कि पार्टी ने न केवल डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न दिलाया, बल्कि उनके जीवन से जुड़े पंच तीर्थ स्थलों को राष्ट्रीय महत्व का दर्जा भी दिलाया है।सांसद कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “आज कांग्रेस नेता संविधान की पुस्तक हाथ में लेकर दिखावे की राजनीति कर रहे हैं, जबकि अतीत में उनकी ही सरकारों ने लोकतंत्र और संविधान को बार-बार कमजोर किया है।”
