कुल्लू: मनमिंद्र अरोड़ा- कुल्लू में सूत्रधार डांसिंग डैफोडिल्स सीजन 11 की कार्यशाला का विधिवत शुभारम्भ किया गया | कार्यक्रम का शुभारम्भ सर्वप्रथम दीप प्रज्ज्वलन से किया गया | इसके बाद ट्विंकल, अर्पिता, धनवंती, स्मृतिका व कशिश द्वारा माँ सरस्वती की बंदना गीत से किया गया जिसमें हारमोनियम पर जीवन बुडाल व तबले पर संजय ने संगत की | इसके बाद कार्यक्रम में लेकिशा ने तबला वादन की प्रस्तुति दी | कार्यक्रम में पं० विद्यासागर की रहनुमाई में तैयार समूह लोकगीत धारी वीता धारिये की मनमोहक प्रस्तुति धनवंती, अर्पिता, स्मृतिका, कशिश, संजय, सन्नी, भूपेन्द्र व सागर द्वारा दी गई तथा कुमारी भारती द्वारा सेमी क्लासिकल की बेहतरीन प्रस्तुति दी गई | इस सम्पूर्ण कार्यक्रम का मंच संचालन संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुंदर श्याम महंत द्वारा बखूबी निभाया गया |
वर्ष से लेकर 16 वर्ष तक के बच्चे सीखेंगे नृत्य के हुनर
इस अवसर पर सूत्रधार कला मंच के अध्यक्ष दिनेश सेन ने बतलाया कि इस बार की सूत्रधार डांसिंग डैफोडिल्स सीजन-11 की कार्यशाला 26 दिसम्बर 2022 से 29 जनवरी 2023 तक चलेगी और इस कार्यशाला में 4 वर्ष से लेकर 16 वर्ष तक के सभी बच्चे भाग ले सकेंगे | इस कार्यशाला में आधुनिक नृत्य के अंतर्गत आने वाली विभिन्न नृत्य शैलियाँ बॉलीवुड, हिप-हॉप, कन्टेम्परेरी, सालसा तथा फ्री स्टाइल आदि बच्चों को सिखाई जाएगी | कार्यक्रम पश्चात् बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि इस डांसिंग डैफोडिल्स सीजन-11 कार्यशाला में भाग लेने के लिए प्रवेश 05 जनवरी 2023 तक चलेंगे तथा कार्यशाला का समापन 29 जनवरी 2023 को एक भव्य रंगारंग कार्यक्रम ग्रैंड फिनाले के रूप में किया जायेगा।
