मंजूर पठान,चंबा(TSN): हिमाचल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के नाम से सत्ता में वापसी करने वाली कांग्रेस सरकार प्रदेश में बेहतरीन शिक्षा मुहैया करवाने के दावे कर रही हैं। इन दावों के पीछे का सच क्या हैं इससे भी हम आपको रूबरू करवाते हैं। चंबा जिला के तहत आने वाले चुराह विधान सभा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक पाठशाला नैला में 126 बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा हैं। उक्त स्कूल में दो अध्यापक अपनी सेवाएं दे रहे थे लेकिन व्यवस्था परिवर्तन ने दोनों अध्यापकों के तबादले कर दिए।
पहले एक अध्यापक का तबादला कर दिया गया फिर दूसरे अध्यापक का तबादला कर दिया गया, जिसके चलते अब बच्चों की पढ़ाई पर इसका सीधा सीधा असर पड़ रहा हैं। इस ग्रामीण परिपेक्ष में स्थित स्कूल में ग्रामीण इलाकों के अधिकतर बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते हैं ताकि वह बच्चे भी अपने सपने साकार कर सके लेकिन व्यवस्था परिवर्तन ने इन बच्चों के भविष्य पर ग्रहण लगाने का प्रयास किया हैं। जिस स्कूल में 126 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं वहां पर सरकार की अधिसूचना के अनुसार 5 अध्यापक सेवाएं देंगे लेकिन यहां पर दो अध्यापक सेवाएं दे रहे थे उन दोनों का तबादला कर दिया है, ऐसे में किस तरह से बेहतर शिक्षा होगी और कैसे बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकेंगे।
वहीं दूसरी और स्कूल के प्रभारी नंदलाल शर्मा का कहना है कि हमारे स्कूल में 126 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। इन बच्चों की जिम्मेवारी एक अध्यापक के सहारे चल रही हैं। कुछ दिन पहले मेरे एक सहयोगी का तबादला हुआ है अब मेरा भी तबादला हो चुका हैं,जिससे बच्चों का पढ़ पाना मुश्किल हो रहा हैं। सरकार को चाहिए कि वह स्कूल में अध्यापकों की कमी को दूर करें ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो सके।
