Shimla,Sanju ( TSN)-शिमला में आवारा कुत्तों की समस्या एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। बुधवार को ढली क्षेत्र में एक 8 वर्षीय बच्चा आवारा कुत्तों के झुंड का शिकार बन गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना न केवल स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि नगर निगम द्वारा सालों से किए जा रहे दावों की पोल भी खोलती है।
इस घटना के बाद एंटी करप्शन एंड क्राइम कंट्रोल फ़ोर्स के अध्यक्ष नथूराम चौहान ने नगर निगम की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो उनकी संस्था मेयर और नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएगी।
मेयर के बयान की भी आलोचना की
नाथूराम चौहान ने मेयर के उस बयान की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि “ऐसी घटनाएं रोज़ की बात हैं”। उन्होंने इस बयान को गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए मेयर से इस्तीफे की मांग की। साथ ही उन्होंने शिमला में असुरक्षित भवनों का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि कई असुरक्षित इमारतों को कागजों में सुरक्षित घोषित कर दिया गया है, जो भविष्य में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।
