चंबा,मंजूर पठान-:हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। चंबा जिले के वन मंडल के अंतर्गत आने वाले सलोह बीट में वन माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आए। अवैध कटान की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर माफियाओं ने रात के अंधेरे में हमला कर दिया। इस दौरान विभाग के निजी वाहन पर पत्थरबाजी की गई। हालांकि टीम ने मौके से 12 देवदार के स्लीपर बरामद किए, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना के बाद वन विभाग ने तीसा थाना पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सलोह बीट में लंबे समय से वन माफिया सक्रिय हैं और देवदार के पेड़ों की अवैध कटाई कर स्लीपर की सप्लाई कर रहे हैं।वन मंडल चंबा के डीएफओ कृतज्ञ ठाकुर ने बताया कि मसरूड रेंज के सलोह बीट में अवैध कटान की सूचना मिलने पर विभाग की टीम ने रात में कार्रवाई की। इस दौरान 12 देवदार के स्लीपर जब्त किए गए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने टीम पर पथराव किया, जिससे विभाग के निजी वाहन को नुकसान पहुंचा।डीएफओ ने बताया कि इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
