मंडी,धर्मवीर– मंडी जिला के सुंदरनगर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा डिलीवरी बॉय की जान चली गई। यह हादसा पुलिस थाना सुंदरनगर के तहत नगर परिषद क्षेत्र में पोल्ट्री फार्म के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेश आया, जहां एक बाइक सवार युवक ट्रक की चपेट में आ गया।
मृतक की पहचान तरुण कुमार पुत्र ईश्वर दास निवासी गांव सठकन, तहसील चच्योट जिला मंडी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तरुण कुमार एक निजी ग्रॉसरी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करता था और घटना के समय वह डिलीवरी के लिए जा रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद भीषण थी, जिससे युवक ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हुए और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और डिलीवरी जैसे कामों में लगे युवाओं पर बढ़ते जोखिम को उजागर करता है।एसपी मंडी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
TAGGED:
Mandi road accident
Chandrika
