मंडी : धर्मवीर – पुरानी रंजिश के चलते एक युवक गया तो अपने ममेरे भाई को मारने था, लेकिन जब वो घर पर नहीं मिला तो उसकी मां और बहन पर ही दराट से हमला करके उन्हें बूरी तरह से लहुलुहान कर दिया। घटना बीती रात को रिवालसर पुलिस चौकी के तहत आने वाले सेरला खाबू गांव की है।
पुरानी रंजिश के चलते अपने ममेरे भाई को मारने गया था आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार बटाहण गांव का एक युवक अपने अन्य साथियों के साथ रात 12 से 1 बजे के बीच सेरला खाबू अपने ममेरे भाई को मारने पहुंचा। जिस कमरे में यह आरोपी युवक अपने अन्य साथियों के साथ दराट लेकर घुसा, उसमें उसकी सगी मामी अपनी बेटी के साथ सो रही थी। जिसे मारने के उद्देश्य से आए थे, वो अपने चाचा के घर पर सो रहा था। तैश में आकर इसने अपनी मामी और ममेरी बहन पर ही दराट से हमला कर दिया। इससे दोनों के सिर और गले सहित शरीर के अन्य भागों में गहरे घाव हो गए हैं। हमला करने के बाद आरोपी अपने साथियों सहित वहां से फरार हो गया। परिजनों ने रात को इसकी सूचना पुलिस को दी और घायलों को तुरंत प्रभाव से मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया, जहां पर दोनों का उपचार जारी है। जैसे ही मामला एसपी मंडी के पास पहुंचा तो उन्होंने इसपर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस को आरोपियों की तुरंत धरपकड़ के आदेश जारी किए। पुलिस ने दिन ढलने से पहले सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने की मामले की पुष्टि
एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अन्य धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल कर रही है।
