मंडी/परी शर्मा – आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी खाता खोलने को तरसेगी, भाजपा प्रचंड जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस पार्टी से वरिष्ठ और बड़े नेताओं पलायन दर्शाता है कि कांग्रेस परिवारवाद के चंगुल में पूरी तरह फंस चुकी है और जल्द ही यह राजनीतिक दल विलुप्त होने की कगार पर है। भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा देश में लगातार लोकप्रिय हो रही है और दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर लोग राष्ट्रवाद और विकासवाद पर भरोसा कर रहे हैं। ये बात भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह ने मीडिया को जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के दो कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक विचारधारा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व पर विश्वास कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं और आने वाले दिनों में और नेता भी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठे हैं।
उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी एक परिवार की पार्टी बन लोकतन्त्र का मजाक बना रही है और कमज़ोर व अनुभवहीन नेतृत्व के कारण लगातार विघटित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी विकास की राजनीति नहीं की और हमेशा भ्रष्टाचार के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के बाद हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का नाम लेने वाला कोई नहीं मिलेगा और कांग्रेस इतिहास के पन्नों में सिमट जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में एकतरफा जीत दर्ज करेगी ।
