भावना, शिमला: प्रदेश को नया मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मिलने के बाद अब जल्द ही मंत्रिमंडल भी बनकर तैयार हो जाएगा। जल्द ही इसका ऐलान किया जा सकता है। कांग्रेस की सरकार में मंत्री पद किसे मिलना है यह सूची लंबी है और इसमें बहुत से विधायकों के चेहरे भी शामिल है। ऐसे में इस प्रक्रिया में समय लग रहा है, लेकिन जल्द ही इसका ऐलान कर दिया जाएगा। वहीं कुछ नाम ऐसे भी है जिन्हें लेकर अभी चर्चा चल रही है कि उन्हें मंत्रिमंडल में कौन सा विभाग दिया जाएगा। वहीं अगर संभावित मंत्रिमंडल की बात की जाए तो इसमें सबसे बड़े जिला कांगड़ा से ज्यादा नाम शामिल हो सकते हैं।
कांगड़ा एक ऐसा जिला है जहां से कांग्रेस को सबसे ज्यादा सीटों पर जीत मिली है ऐसे में मंत्रिमंडल में इस जिला को अनदेखा नहीं किया जा सकता है। वहीं यह भी तय है कि इस मंत्रिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को भी उनके पसंद का विभाग दिया जा सकता है। ऐसे में बड़ी चुनौती यह है कि मंत्रिमंडल में 10 पद भरे जाने हैं और इन 10 पदों पर किसे तरजीह दी जाए।
इस समय जो नाम मंत्री पद की दौड़ में चल रहे हैं उसमें चंद्र कुमार ज्वाली, धनी राम शांडिल सोलन, कुलदीप पठानिया भटियात, सुधीर शर्मा धर्मशाला, रघुवीर बाली नगरोटा, सुंदर ठाकुर कुल्लू, जगत नेगी किन्नौर, हर्षवर्धन चौहान शिलाई, विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण, रोहित ठाकुर जुब्बल कोटखाई, अनिरुद्ध सिंह कसुम्पटी, रामकुमार चौधरी दून, मोहन ब्राकटा रोहडू शामिल है। वहीं अध्यक्ष पद के लिए कुलदीप राठौर योग और उपाध्यक्ष पद के लिए इंद्र दत्त बड़सर का नाम भी सूची में आगे चल रहा है। ऐसे में अब यह देखना होगा की इन नाम और चेहरों में से कौन विधायक हिमाचल के मंत्रिमंडल का चेहरा बनेगा और किसे मंत्री पद सौंपे जाएंगे।
