सचिन शर्मा, मनाली: विधानसभा चुनावों को लेकर प्रत्येक विधानसभा से चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवार चुनावी प्रचार-प्रसार में जुट चुके हैं। वहीं मनाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा, कांग्रेस के साथ ही आम आदमी पार्टी सहित बसपा, राष्ट्रीय भूमि पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी प्रचार-प्रसार में जुट चुके हैं। जनसभाएं और नुक्कड़ सभाओं के साथ ही डोर टू डोर प्रचार प्रत्याशियों ने शुरू कर दिया है। हर एक प्रत्याशी की ओर से अपनी जीत को लेकर पूरा दमखम चुनावी मैदान में लगाया जा रहा है।
सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे है। मनाली विधानसभा क्षेत्र में 6 उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से मुक़ाबला रोचक हो गया है। एक और भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह ठाकुर जहां जीत का चौका लगाने के लिए मैदान में उतरें हैं, वहीं दूसरी और कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी पार्टी का खाता खोलने के लिए चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। कांग्रेस मनाली विधानसभा क्षेत्र में अभी तक एक बार भी जीत नहीं पाई है। वहीं आप पार्टी ,बसपा , राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के उम्मीदवार भी अभी तक जीत इस विधानसभा सीट पर हासिल नहीं कर पाए है ऐसे में इन सभी राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों की ओर से पूरा दमखम अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए चुनावी मैदान में लगाया जा रहा है।
