बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): घुमारवीं शहर के अबढानीघाट में शनिवार रात को एक कार सड़क किनारे दुकानों के बाहर बने शेड और सामान को टक्कर मारते हुए खड़े वाहनों से जा टकराई। हादसे में दुकान के बाहर काम कर रहे दो दुकानदार उबलते हुए तेल की चपेट में आ गए। दोनों दुकानदारों को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। वही हादसे में तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात अबढानीघाट में एक कार शिमला हमीरपुर नेशनल हाइवे पर एक कार घुमारवीं से भगेड़ की तरफ जा रही थी। अबढानीघाट के पास चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और दुकान के बाहर बने शेड में रखे सामान और जलेबी बना रहे दो दुकानदारों को टक्कर मारती हुई सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी एक बाइक और एक कार से जा टकराई। दोनों दुकानदार पर कढ़ाई में रखा उबलता हुआ तेल गिर गया, जिससे दुकानदार मनोज और शुभम झुलस गए।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय वहां और लोग भी मौजूद थे जो बाल बाल बच गए। हादसे में घायल दुकानदारों को सिविल अस्पताल घुमारवीं लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे खड़ी स्कूटी बाइक और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कार की तेज रफ्तार होने की वजह से हुआ है।
