शिमला: आम आदमी पार्टी में घर वापसी करने वाले संगठन मंत्री रहे सतीश ठाकुर, आप के उद्योग विभाग के उपाध्यक्ष रहे डीके त्यागी और सोशल मीडिया विंग के सदस्य रहे आशीष त्यागी की घर वापसी हो गई है। शनिवार को शिमला कार्यालय में इनका घर वापसी पर स्वागत किया गया। घर वापसी के बाद शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व संगठन मंत्री सतीश ठाकुर ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
सतीश ठाकुर ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के ऑपरेशन लोटस का पहला शिकार मैं बना। भाजपा नेताओं ने प्रलोभन देकर रातों रात दिल्ली ले जाकर जेपी नड्डा और अनुराग ठाकुर के सामने हमें पार्टी ज्वॉइन करवाई। हमसे कई तरह के वायदे किए गए लेकिन हमारे मन में आम आदमी पार्टी के विचार थे। भाजपा ने मुझे राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया लेकिन हमने एक भी दिन काम नहीं किया। सतीश ठाकुर ने जयराम सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जयराम सरकार ने पांच साल जनता से किए गए वायदों को पूरा करने में नाकाम रही है। प्रदेश में विकास नहीं किया जिससे अब विकास के दम पर नहीं बल्कि कांग्रेसी नेताओं के दम पर मिशन रिपीट करना चाहती है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पास कांग्रेस के 18 नेताओं की सूची है जिन्हें भाजपा में शामिल करवाया जाएगा। अभी मात्र दो विधायक शामिल करवाए गए है आगे और भी नेता भाजपा में शामिल होंगे। सतीश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं के भाजपा में शामिल होने से भाजपा के संगठन में आग लग रही है और इस बगावत की आग से संगठन झुलस जाएगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल काम की राजनीति करते है। केजरीवाल जब किसी प्रदेश में पहली बार चुनाव लड़ते हैं तो कहते हैं कि एक मौका केजरीवाल को दो। जब दूसरी बार चुनाव लड़ते है तो पूरे विश्वास के साथ कहते हैं कि आम आदमी पार्टी की सरकार और विधायकों ने काम किया हो, तो ही वोट देना, काम न किया हो तो वोट मत देना। ऐसी हिम्मत किसी और नेताओं में नहीं है।
