संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में कांग्रेस सरकार और विपक्ष में बैठी भाजपा सरकार एक बार फिर फिजूलखर्ची को लेकर आमने-सामने आ गई हैं। प्रदेश में जहां पहले भाजपा सरकार के समय कांग्रेस की ओर से सरकार पर फिजूलखर्ची के आरोप लगाए जाते थे तो वहीं अब जब कांग्रेस सत्ता में आई है तो भाजपा विपक्ष की भूमिका में रहते हुए कांग्रेस पर फिजूलखर्ची करने को लेकर तंज कसते हुए पलटवार कर रही हैं।
अभी हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हेलीकॉप्टर के दुरुप्रयोग को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा था, तो वहीं अब इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधा हैं। नरेश चौहान ने पूर्व सीएम को सब्र रखने की हिदायद दी हैं।
मुख्यमंत्री के प्रधान मिडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की हेलीकॉप्टर उड़ानों को लेकर चिंता अब दिखी हैं। अगर पांच वर्ष पहले उनके मन में ऐसे विचार आ जाते तो प्रदेश ओर यहां की जनता का ज्यादा भला होता। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर सरकारी हेलीकॉप्टर का कतई उपयोग नहीं किया गया और इस दौरान यह अनाडेल में ही रहा। इसके विपरीत अति-विशिष्ट व्यक्तियों के लिए निजी हेलिकॉप्टर का उपयोग किया गया।
उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में लगभग 25 हजार करोड़ रुपए का कर्ज छोड़ने वाले पूर्व मुख्यमंत्री की ओर से वित्तीय प्रबंधन पर टिप्पणी करना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि सरकार के गठन को अभी एक सप्ताह भी नहीं हुआ हैं और जय राम ठाकुर अभी संयम रखें। आर्थिक संसाधनों को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृृत्व में प्रदेश सरकार प्रभावी कदम उठाएगी। विपक्ष को इस बारे में चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं हैं।
