संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में इस बार दिसंबर माह में सर्दी नहीं बल्कि गर्मी के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। इस बार दिसंबर माह में मौसम गर्म तेवर दिखा रहा हैं। यहां तक की राजधानी शिमला जहां ज्यादा ठंड दिसंबर माह में पड़ती हैं, वहां सर्दियों के मौसम में गर्मी का एहसास हो रहा हैं। सर्दियों के मौसम में ऐसी चिलचिलाती धूप पड़ रही हैं जिसकी वजह से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही हैं।
प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सैल्सियस तक अधिक चल रहे हैं। पिछले 24 घंटो के दौरान शिमला का तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री अधिक उछाल के साथ 20 डिग्री पहुंच गया जो 2017 के बाद सर्वाधिक हैं।
मौसम विभाग की माने तो 2016 में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री तक गया था, जबकि 2017 में 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। हालांकि न्युनतम तापमान सामान्य चल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के कई भागों में इस सर्दी के मौसम में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा हैं।
व्हाइट क्रिसमस की फ़ीकी पड़ रही आस
दिसंबर माह में बढ़ते तापमान की वजह से अब व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद भी फीकी पड़ती नजर आ रही हैं। व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद में ही मैदानी इलाकों से पर्यटक राजधानी शिमला पहुंचते हैं,लेकिन इस बार पर्यटकों की यह ख्वाहिश पूरी होती नज़र नहीं आ रही हैं।
21 दिसंबर तक साफ़ रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आगामी 21 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई हैं, हालांकि इस दौरान सुबह और शाम के समय धुंध छाए रहने का यैलो अलर्ट भी विभाग की ओर से जारी किया गया हैं।
