बद्दी/जगत सिंह: कहने को तो प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बद्दी नालागढ़ है और यहां पर देश के नामी-गिरामी कंपनियों ने अपने उद्योग लगाए हैं और यहीं से ही प्रदेश सरकार के खाते में टैक्स के रूप में करोड़ों रुपया जमा होता है लेकिन बावजूद इसके क्षेत्र के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। नालागढ़ बद्दी नेशनल हाईवे 105 की बात की जाए तो सालों से इस मार्ग की हालत खस्ता बनी हुई है और सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे पड़ चुके हैं । गड्ढों के कारण आए दिन यहां पर सड़क हादसे होते हैं। 2005 से लेकर अब तक की बात की जाए तो सैकड़ों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गवा चुके हैं।

आज भी यह स्थिति बनी हुई है कि यहां सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं। हालांकि सरकार द्वारा एनएच 105 के फोरलेन करने को लेकर काम शुरू करवा दिया गया है। बावजूद इसके जिस जगह पर सड़क है उस सड़क की अभी भी मरम्मत नहीं हो पा रही है और आलम ज्यों का त्यों बना हुआ है। क्षेत्र के लोगों और उद्योगपतियों और कामगारों को नालागढ़ से बद्दी जाने के लिए घंटों का समय लग जाता है। जिसके चलते वह प्रतिदिन अपने कामों से लेट हो जाते हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क नही सुधरी तो चुनावों का होगा बहिष्कार
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश का सबसे बड़ा ओद्योगिक क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ है लेकिन यहां पर ही सड़कों की दशा खराब है और नेशनल हाईवे की हालत तो लिंक मार्गो से भी खस्ता है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे पड़ चुके हैं। लोगों का कहना है कि सड़क हादसों में सैकड़ों लोगों की जान भी जा चुकी है । बावजूद इसके ना तो प्रदेश सरकार इसकी और ध्यान दे रही हो ना केंद्र सरकार। स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे 105 बद्दी नालागढ़ की खस्ताहाल स्थिति में सुधार लाने की मांग उठाई है। साथ ही लोगों ने चेतावनी देकर कहा है कि अगर जल्द ही नेशनल हाईवे की दशा नहीं सुधारी गई तो वह आने वाले विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे। अब देखना यही होगा कि कब सरकार और प्रशासन जागते हैं और कब लोगों को अरे परेशानियों से निजात मिलती है।
