चंबा, मंजूर पठान-:चुराह विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए एनुअल मेंटिनेंस प्लान के तहत 8 किलोमीटर सड़क को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत खराब और गड्ढों से भरी सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा, जिससे लोगों का सफर सुगम और सुरक्षित बन सके। खासतौर पर कोठी उपमंडल के अंतर्गत आने वाले मार्गों पर टारकोल बिछाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। विभाग का कहना है कि मानसून के दौरान खराब हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा।
कोठी उपमंडल के तहत करीब 8 किलोमीटर सड़क पर टारकोल बिछाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी विभाग ने इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिन स्थानों पर सड़कें ज्यादा खराब हैं और गड्ढों के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है, वहां पहले चरण में सुधार कार्य किया जाएगा। हर साल मानसून के बाद सड़कों की स्थिति बिगड़ जाती है, जिसे एनुअल मेंटिनेंस प्लान के तहत ठीक किया जाता है।
